HELLO CHANDA NEWS
चंद्रपूर,(वि.प्र.) समाज सेवा के क्षेत्र में अक्सर कहा जाता है कि नेक काम करने के लिए किसी औपचारिक पद या कुर्सी की आवश्यकता नहीं होती, बस मन में सेवा का सच्चा जज्बा होना चाहिए।
इस बात को बीते 30 वर्षों से चरितार्थ कर रही हैं मीना बेन शशिकांत नथवानी, पिछले तीन दशकों से एक अनौपचारिक ‘गोपी मंडल’ के माध्यम से समाज को नई दिशा देने वाली मीना बेन को अब आधिकारिक रूप से चंद्रपुर गुजराती लोहाना महिला मंडल के अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।
30 वर्षों का निस्वार्थ सफर
मीना बेन व उनके महिला सहयोगी के नेतृत्व में गोपी मंडल ने पिछले 30 सालों में प्रभु भजन, संकीर्तन, गोद भराई, शादी के गीत, माता की चौकी, गणपति भजन और हवेली सत्संग जैसे कार्यक्रमों के जरिए समाज को एकजुट किया। इन धार्मिक आयोजनों से एकत्रित होने वाली राशि को उन्होंने हमेशा परोपकार के कार्यों में लगाया।
चाहे वृद्धाश्रम की मदद हो, राम कथा का आयोजन हो, मंदिरों के निर्माण में दान हो या नेत्रहीनों और जरूरतमंदों की सेवा, मीना बेन और उनकी टीम ने हमेशा समाज कल्याण को प्राथमिकता दी!
शनिवार शाम को स्थानीय जलाराम मंदिर में आयोजित बैठक में मीना बेन नथवाणी को अगले 3 साल के कार्यकाल के लिए आधिकारिक रूप से अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने उनके पिछले कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब बिना किसी पद के उन्होंने इतने बड़े सामाजिक कार्य किए हैं, तो अब आधिकारिक जिम्मेदारी मिलने के बाद समाज सेवा के कार्यों को और भी अधिक गति मिलेगी।
अपनी नियुक्ति पर खुशी व्यक्त करते हुए मीना बेन ने कहा कि सेवा ही उनका परम धर्म है।
उन्होंने अपनी टीम का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में लोहाना महिला मंडल महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और नये कार्यकारणी की घोषणा कर आगे कार्य किया जायेगा
चंद्रपुर के श्री गुजराती समाज,श्री लोहाना महाजन, श्री जलाराम सेवा मंडल, गोपी मंडल,युवती मंडल व श्री नवरात्री उत्सव समिति ने मीना बेन और उनकी पूरी टीम को इस नई शुरुआत के लिए ढेरों बधाइयां दी हैं।























